CG News: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद, गैस संकट और महंगाई को लेकर कांग्रेस का सियासी हमला, 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान
CG News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में नक्सलवाद, गैस संकट, महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार के नक्सलवाद खत्म करने के दावों का स्वागत करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है।
नक्सलवाद पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया
बैज ने कहा कि अगर सच में नक्सलवाद खत्म होने जा रहा है, तो सरकार क्या यह गारंटी दे सकती है कि मार्च के बाद प्रदेश में कोई नक्सली घटना नहीं होगी, किसी कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या नहीं होगी और निर्दोष लोगों को फर्जी नक्सली बताकर जेल या एनकाउंटर नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या प्रदेश के खनिज संसाधनों को निजी कंपनियों को बेचने का सिलसिला रोका जाएगा।
खनिज और अफीम की खेती को लेकर गंभीर आरोप
बैज ने प्रदेश में खनिज संसाधनों के निजी हाथों में जाने और अवैध अफीम की खेती के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि कभी देश में धान का कटोरा कहा जाने वाला छत्तीसगढ़ अब अफीम की खेती के कारण ‘अफीम का कटोरा’ बनता जा रहा है।
गैस संकट और होटल-रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और राज्य में गैस की कमी को लेकर बैज ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन एजेंसियों में सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इसका असर आम परिवारों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी पड़ रहा है और कई जगहों पर कारोबार प्रभावित हो रहा है।
मनरेगा बचाओ आंदोलन और विधानसभा घेराव
इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता चुना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का कहना है कि जब तक सरकार इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब नहीं देती, संघर्ष जारी रहेगा।