CG News : 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा अब होगी महंगी: माशिमं ने 5 साल बाद बढ़ाई फीस, छात्रों को देने होंगे 800 रुपए
रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा से जुड़े शुल्कों में बड़ी बढ़ोतरी की है। यह संशोधित शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किया जाएगा। करीब पांच साल बाद बोर्ड ने फीस में बदलाव किया है।
नए नियमों के अनुसार नियमित छात्रों को अब परीक्षा शुल्क, अंकसूची और प्रति विषय प्रायोगिक शुल्क मिलाकर कुल 800 रुपए जमा करने होंगे। अब तक इसके लिए 460 रुपए लिए जाते थे।
आवेदन फॉर्म भी हुआ महंगा
बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन करने पर भी छात्रों को ज्यादा रकम चुकानी होगी।
-
पहले आवेदन शुल्क: 80 रुपए
-
अब आवेदन शुल्क: 150 रुपए
हालांकि प्रवेश पत्र की दूसरी प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके लिए पहले की तरह 80 रुपए ही देने होंगे।
कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
शुल्क बढ़ाने का फैसला माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में बोर्ड से जुड़ी करीब 22 अलग-अलग शुल्क मदों में वृद्धि को मंजूरी दी गई। इनमें नामांकन, अतिरिक्त विषय, द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा, स्वाध्यायी छात्रों का पंजीयन और अनुमति शुल्क शामिल हैं।
स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ेगा असर
फीस बढ़ोतरी का असर स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ेगा।
-
एससी/एसटी स्वाध्यायी छात्रों का पंजीयन शुल्क 560 से बढ़ाकर 800 रुपए कर दिया गया है।
-
राज्य के नए छात्रों और राज्य से बाहर के विद्यार्थियों के लिए यह शुल्क 1,540 से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दिया गया है।
विषयवार परीक्षा शुल्क में भी बढ़ोतरी
-
एक विषय की परीक्षा: 280 – 400 रुपए
-
दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा): 340 – 600 रुपए
2021 के बाद फिर बढ़ी फीस
माशिमं ने इससे पहले साल 2021 में बोर्ड परीक्षा से जुड़े शुल्कों में संशोधन किया था। अब पांच साल बाद दोबारा फीस बढ़ने से छात्रों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है।