CG News: केंद्रीय बजट 2026 पर छत्तीसगढ़ के नेताओं की राय, CM साय बोले– यह विकसित भारत का रोडमैप
CG News: संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट 2026 पेश किए जाने के साथ ही छत्तीसगढ़ में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को लेकर अपनी-अपनी राय रखी है.
विकसित भारत का रोडमैप : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि, कर्तव्य भवन में पहली बार प्रस्तुत यह बजट विकसित और सुनहरे भारत की दिशा में मजबूत कदम है, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री को छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से बधाई दी,
सीएम ने कहा कि, बजट में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है, जिससे देश और प्रदेश दोनों को लाभ मिलेगा.

किसान, महिला और युवा पर खास फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि, बजट में किसानों की आय बढ़ाने, AI आधारित खेती को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण और श्रमिक कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है, ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार, हर जिले में बालिकाओं के लिए हॉस्टल, युवाओं के रोजगार और खेल-शिक्षा के क्षेत्र में कई अहम प्रावधान किए गए हैं.
स्वास्थ्य और राहत से जुड़ी घोषणाएं
सीएम साय ने बताया कि, बजट से विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई सस्ती होगी, कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं के दाम घटेंगे और जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा, मोबाइल, बैटरी, ओवन, बायोगैस और CNG जैसे उत्पादों के सस्ते होने की भी उम्मीद जताई गई है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी: दूरदर्शी बजट
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार बजट पेश कर एक स्पष्ट विजन प्रस्तुत किया है, उन्होंने कहा कि, यह बजट 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म लक्ष्यों का संतुलन दिखता है.
इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश पर जोर
ओपी चौधरी ने बताया कि, बजट में रेयर अर्थ मिनरल, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वाटरवेज, हाईस्पीड रेलवे और ऐतिहासिक स्तर के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है, साथ ही गरीबी उन्मूलन और अंत्योदय कल्याण के लिए भी स्पष्ट रणनीति नजर आती है.