Iran News: ईरान में उग्र प्रदर्शन पर अमेरिका की नजर, मौतों के आंकड़ों को लेकर ट्रंप ने दी सख्त चेतावनी
Iran News: ईरान में बीते दो हफ्तों से जारी व्यापक जनआंदोलन ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है, देश के कई हिस्सों में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर वैश्विक समुदाय की नजरें अब तेहरान पर टिकी हुई हैं.
प्रदर्शनकारियों के साथ मानवीय व्यवहार की अपील
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान सरकार से प्रदर्शनकारियों के साथ “मानवीय व्यवहार” करने की अपील की है, ट्रंप ने कहा कि, उन्हें ईरान में मारे गए लोगों और गिरफ्तार नागरिकों की संख्या को लेकर गंभीर जानकारियां मिल रही हैं.
राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ लगातार बैठकें
अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं, ताकि ईरान में बिगड़ते हालात का आकलन किया जा सके, ट्रंप ने चेतावनी दी है कि, प्रदर्शन के दौरान हुई हत्याएं बेहद गंभीर हैं और अमेरिका इस पर चुप नहीं बैठेगा.
मानवाधिकार संगठन ने जारी किए आंकड़े
मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (HRAI) के मुताबिक, 28 दिसंबर से शुरू हुए प्रदर्शनों में अब तक करीब 16,700 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 2,000 से अधिक लोगों की मौत का दावा किया गया है, संगठन का कहना है कि, मृतकों में बड़ी संख्या आम प्रदर्शनकारियों की है.
अमेरिका पर लगाए आरोप
वहीं ईरान सरकार ने अमेरिका पर हालात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया है, तेहरान का कहना है कि, वॉशिंगटन जानबूझकर तनाव को हवा दे रहा है, ताकि भविष्य में सैन्य हस्तक्षेप का बहाना बनाया जा सके.
खामेनेई की सत्ता के लिए बड़ी चुनौती बनता आंदोलन
जानकारों के अनुसार, यह आंदोलन हाल के वर्षों में ईरान का सबसे बड़ा जनआंदोलन बन चुका है, शुरुआत में आर्थिक मुद्दों से जुड़े ये प्रदर्शन अब सीधे तौर पर सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की सत्ता के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं.
ईरान के अंदरूनी संकट से बढ़ा वैश्विक तनाव
जिस तरह से हालात आगे बढ़ रहे हैं, उससे न सिर्फ ईरान के भीतर राजनीतिक संकट गहराता दिख रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तनाव और टकराव की आशंका बढ़ती जा रही है.