CG News: छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग को मिला नया नेतृत्व, अमिताभ जैन बने मुख्य सूचना आयुक्त
CG News: छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को अंतिम रूप दे दिया है, प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अमिताभ जैन को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) के पद पर नियुक्त किया गया है.
दो नए राज्य सूचना आयुक्त भी नियुक्त
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी उमेश अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार शिरीष चंद्र मिश्रा को राज्य सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है, इन सभी की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए निर्धारित की गई है.
नियुक्ति में क्यों हो रही थी देरी
राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी, मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही थी। अब कानूनी अड़चन दूर होने के बाद शासन ने औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं.
सेवा शर्तें और नियम तय
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि, इन पदों की सेवा शर्तें, वेतन और भत्ते भारत सरकार की 24 अक्टूबर 2019 की अधिसूचना के अनुसार निर्धारित होंगे, यह नियुक्तियां सूचना का अधिकार नियम, 2019 के प्रावधानों के तहत की गई हैं.
सूचना आयोग को मिलेगी नई दिशा
नई नियुक्तियों के साथ राज्य सूचना आयोग से लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और सूचना के अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है.