CG News: छत्तीसगढ़ में 4 नए मेडिकल कॉलेजों समेत, 6 बड़े निर्माण कार्यों को मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा क़दम उठाया है, प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा और उपचार सुविधाओं के विस्तार से उद्देश्य से 1,390 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 6 प्रमुख निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है, इसमें 4 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं.
4 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी
प्रदेश के चार जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव दरें स्वीकृत की गई है, इनमें मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज, कबीरधाम मेडिकल कॉलेज, जांजगीर – चांपा मेडिकल कॉलेज और गीदम मेडिकल कॉलेज शामिल हैं, इन कॉलेजों की स्थापना का निर्णय छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन लिमिटेड की नया रायपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित की गई 51 वीं संचालक मंडल बैठक में लिया गया है.
बैठक में मेडिकल कॉलेजों के अलावा दो अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है, इसमें मनेन्द्रगढ़ में 220 बिस्तरों वाला अस्पताल भवन और बिलासपुर में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल भवन का प्रस्ताव भी सम्मिलित है, इन परियोजनाओं से न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि होगी, बल्कि आयुष पद्धति के सशक्तिकरण को भी लाभ मिलेगा.
सुलभ चिकित्सा सुविधा हमारा लक्ष्य : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा है कि, हमारा उद्देश्य है कि, राज्य में एक ऐसा स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया जाए, जहां हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के गुणवत्ता पूर्ण और सुलभ चिकित्सा की सुविधा मिले, राज्य सरकार जनता के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.