CG news : रायपुर में 1 सितंबर से लागू होगा ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान
CG news रायपुर। राजधानी रायपुर जिले में दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ा नियम लागू होने जा रहा है। सड़क हादसों पर रोकथाम के लिए पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने कड़ा फैसला लिया है। अब बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं मिलेगा।
1 सितंबर से सख्ती
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय की जानकारी दी है।
नियम के अनुसार, 1 सितंबर से रायपुर जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान सख्ती से लागू किया जाएगा।
क्यों उठाया गया कदम?
एसोसिएशन का कहना है कि रायपुर में बीते दिनों लगातार सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आई हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ की मौत भी हुई।
जांच में सामने आया कि इन हादसों में अधिकतर दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, जिसके कारण सिर पर गंभीर चोट आई।
अभियान का उद्देश्य
इस पहल का मकसद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना और सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकना है।