CG News : छत्तीसगढ़ में रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी से 32.54 लाख की ठगी
CG News : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा से एक चौंकाने वाला साइबर अपराध सामने आया है। यहां के शंकर नगर कॉलोनी निवासी तुषारकर देवांगन, जो सिंचाई विभाग से रिटायर्ड हैं, उनके साथ 32.54 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है।
मनी लॉन्ड्रिंग और डिजिटल अरेस्ट
पीड़ित तुषारकर देवांगन को व्हाट्सएप पर एक फर्जी संदेश मिला, जिसमें खुद को अधिकारियों के रूप में पेश करते साइबर ठगों ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग और डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाया। इसके बाद एक फर्जी केनरा बैंक एटीएम स्लिप और गिरफ्तारी वारंट की तस्वीरें भेजी गईं। डर और भ्रम की स्थिति में आकर तुषारकर ने ठगों को 6 किस्तों में 32.54 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों और PhonePe के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
MP: सिवनी में रील बनाते वक्त हादसा, वायरल होने की होड़ में खो दी जान
जैसे ही हुआ अहसास, पहुंच गए थाने
जब तुषारकर को ठगी का एहसास हुआ, उन्होंने तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित के बयान और पैसों के ट्रांसफर डिटेल के आधार पर पुलिस साइबर टीम की मदद से खातों की निगरानी कर रही है।
व्हाट्सएप से कोई गिरफ्तारी नहीं होती
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी व्हाट्सएप या कॉल पर भेजे गए गिरफ्तारी नोटिस, वारंट या बैंक की धमकियों से सावधान रहें।
कोई भी बैंक या सरकारी एजेंसी व्हाट्सएप पर गिरफ्तार करने की सूचना नहीं देती और न ही पैसों की मांग करती है।