CG News : बिलासपुर: मेयर पूजा विधानी पर कांग्रेस का हमला, अवैध ईंट भट्ठा चलाने का लगाया आरोप
CG News : नगर निगम बिलासपुर की मेयर पूजा विधानी एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई हैं। कांग्रेस पार्षद दल ने मेयर और उनके पति पर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालित करने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए ईंट भट्ठे को बंद कराने और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
देवरीखुर्द और बूटापारा की जमीन पर कब्जे का आरोप
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि मेयर पूजा विधानी और उनके पति देवरीखुर्द व बूटापारा इलाके में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर ईंट भट्ठा चला रहे हैं। भरत कश्यप ने सवाल उठाया कि जब नगर निगम अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है, तो मेयर के भट्ठे को क्यों बख्शा जा रहा है?
मेयर पूजा विधानी ने कांग्रेस पार्षदों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका ईंट भट्ठा पूरी तरह से वैध है और यह भूमि लीज पर उन्हें आबंटित की गई है, जिसकी वैधता वर्ष 2028 तक है। मेयर ने विपक्ष पर मुद्दाविहीन राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे किसी भी जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कांग्रेस पार्षदों ने चावल वितरण की तिथि बढ़ाने की मांग की
ईंट भट्ठा विवाद के अलावा कांग्रेस पार्षद दल ने जिले में राशन वितरण को लेकर भी कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि जिले की 600 से अधिक राशन दुकानों में पिछले तीन महीनों से चावल का नियमित आबंटन नहीं हुआ है। केवल 70 प्रतिशत हितग्राहियों को अब तक चावल मिला है, जबकि शेष 30 प्रतिशत अभी भी वंचित हैं।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस के कई पार्षद
इस दौरान कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप के साथ पार्षद संतोषी रामा बघेल, शहजादी कुरैशी, इब्राहिम खान, अमित भारते, ओम कश्यप, गायत्री साहू, लक्ष्मी साहू, अनीता कश्यप, पुष्पेंद्र साहू, शेख असलम, सीमा शुक्ला और असगरी बेगम मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चावल वितरण की तिथि बढ़ाने और ईंट भट्ठा प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग की।