CG News : रायपुर स्काईवॉक प्रोजेक्ट को मिलेगी नई रफ्तार: 8 साल बाद फिर शुरू होगा निर्माण कार्य
CG News : राजधानी रायपुर में शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक व अंबेडकर अस्पताल चौक तक स्काईवॉक का अधूरा सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। पिछले 8 वर्षों से ठप पड़े इस निर्माण कार्य को अब दोबारा शुरू किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने जानकारी दी है कि अगले हफ्ते से स्काईवॉक का काम दोबारा शुरू होगा।
इस परियोजना को पूरा करने की जिम्मेदारी रायपुर की पीएसएए कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी के साथ अनुबंध हो चुका है और कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है। अधूरे स्काईवॉक के शेष निर्माण पर करीब 37.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
60% स्ट्रक्चर पहले से तैयार
अब तक स्काईवॉक का लगभग 60 प्रतिशत स्ट्रक्चर तैयार किया जा चुका है, जिस पर करीब 50 करोड़ रुपए पहले ही खर्च हो चुके हैं। अब शेष 40 प्रतिशत कार्य को पूरा करने का निर्णय लिया गया है।
प्राथमिकता में उपयोगी हिस्सों का निर्माण
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, स्काईवॉक के सबसे उपयोगी हिस्सों को पहले पूरा किया जाएगा। इसमें शास्त्री चौक पर रोटरी का निर्माण भी शामिल है। ठेकेदार को विभागीय मापदंडों और पूर्व स्वीकृत डिज़ाइन के अनुसार काम को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुणवत्ता और अनुशासन पर विशेष जोर
संपूर्ण कार्य का निरीक्षण और संपादन विभागीय निर्देशों और नियमावली के अनुसार किया जाएगा। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही, सबलेटिंग से जुड़े सभी कार्य अनुमोदन के बाद ही किए जाएंगे। अनुबंध में शामिल सभी नॉन एसओआर आइटमों की दरों का विश्लेषण कर सक्षम स्तर से अनुमोदन कराया जा रहा है। कार्य की निगरानी विभागीय अधिकारियों द्वारा की जाएगी ताकि तय समय-सीमा में काम पूरा हो सके।