CG News : कोरबा जिले में अवैध वसूली का मामला, महिला थाना प्रभारी और प्रधान आरक्षक निलंबित
CG News : कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में अवैध वसूली के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर कार्रवाई
यह कार्रवाई जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि महिला थाना प्रभारी द्वारा वाहन चेकिंग और शराब जब्ती के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार की भी पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच साइबर सेल से कराई गई। जांच में यह सामने आया कि निरीक्षक उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल ने एक व्यक्ति – सचिन कुमार मिश्रा से अनुचित रूप से ₹10,500 की वसूली की थी।
कर्तव्यों की अवहेलना
विभागीय नियमों की जानकारी होने के बावजूद कर्तव्यों की अवहेलना और अवैध वसूली के चलते दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, कोरबा निर्धारित किया गया है, जहाँ उन्हें नियमानुसार अनुषांगिक भत्ते प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।