छत्तीसगढ़ में बिजली बिल अब सीधे व्हाट्सएप पर आएगा: PDF डाउनलोड की सुविधा, एक क्लिक में भुगतान, ब्लू-टिक आईडी से मिलेगा मैसेज
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी डिजिटल पहल की गई है। अब हर महीने बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजा जाएगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने यह सुविधा उपभोक्ताओं की सहूलियत और साइबर फ्रॉड से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की है।
व्हाट्सएप पर मिलने वाला बिजली बिल PDF फॉर्मेट में होगा, जिसे उपभोक्ता अपने मोबाइल में सेव कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। साथ ही उसी मैसेज में ऑनलाइन भुगतान का डायरेक्ट लिंक भी दिया जाएगा, जिससे बिल भरने की प्रक्रिया और आसान हो जाएगी।
करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
प्रदेश में लगभग 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। अनुमान है कि इनमें से लगभग 30 लाख लोग व्हाट्सएप का नियमित उपयोग करते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं तक यह सेवा चरणबद्ध तरीके से पहुंचाई जाएगी।
ब्लू-टिक वेरिफाइड अकाउंट से आएगा बिल
बिजली बिल का मैसेज CSPDCL की आधिकारिक व्हाट्सएप आईडी से भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक रहेगा। इसके साथ ही कंपनी का अधिकृत नंबर 942555-1912 भी दिखाई देगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी फर्जी या धोखाधड़ी वाले संदेश से सतर्क रह सकें।
मीटर रीडिंग होते ही मिलेगा पूरा डिटेल बिल
कंपनी के मुताबिक, जैसे ही मीटर रीडिंग सिस्टम में अपडेट होगी, उपभोक्ता को उसी समय पूरा डिटेल बिल व्हाट्सएप पर PDF के रूप में मिल जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी—तीनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगी। भाषा का चयन उपभोक्ता मोर बिजली ऐप के जरिए कर सकते हैं।
ऐसे कराएं अपना व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी रजिस्टर नहीं है, वे
-
टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके या
-
मोर बिजली ऐप के माध्यम से
अपना नंबर अपडेट कर सकते हैं।
इसके लिए उपभोक्ता को 10 अंकों का BP नंबर और पिछले बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी।
CSPDCL के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सुरक्षित, तेज व पारदर्शी बिलिंग सिस्टम से जुड़ें।