CG News: छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल से टोल बढ़ा, बिलासपुर और अन्य टोल प्लाजा पर नई दरें लागू
CG News: नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाले टोल प्लाजा की दरों में 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। इसमें बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर, रायगढ़ समेत सभी टोल प्लाजा शामिल हैं। 1 अप्रैल से प्रत्येक टोल प्लाजा से गुजरते समय अतिरिक्त 5 रुपए टैक्स देना होगा।
सालाना पासधारकों पर भी असर
एनुअल (वार्षिक) पासधारकों को अब 75 रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वर्तमान में सालाना पास 3,000 रुपए में उपलब्ध है, 1 अप्रैल से यह बढ़कर 3,075 रुपए हो जाएगा। राहत की बात है कि स्थानीय पासधारकों को पुराने दर पर ही सफर करने की सुविधा जारी रहेगी।
कौन-कौन से वाहन प्रभावित होंगे
रिंग रोड पर प्राइवेट और हल्के कॉमर्शियल वाहनों पर बढ़ोतरी नहीं की गई है। केवल भारी कॉमर्शियल वाहनों के लिए टोल रेट 5 से 20 रुपए तक बढ़ाया गया है। बिलासपुर जिले के 4 प्रमुख टोल प्लाजा – भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा – से रोजाना गुजरने वाले लगभग एक लाख से ज्यादा वाहनों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
टोल दर कैसे तय होती हैं
टोल टैक्स की दरें वोलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) और सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास और टनल जैसी सुविधाओं के आधार पर तय की जाती हैं। हर साल के अंत में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नए रेट जारी करता है।
फास्टैग से अनिवार्य भुगतान
प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर कैश लेन-देन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिन वाहनों में फास्टैग एक्टिव नहीं होगा, उन्हें दोगुना टोल देना होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लाजा पर 24 घंटे रिचार्ज और हेल्पडेस्क की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
NHAI अधिकारियों का बयान
NHAI के मैनेजर राजेश्वर सूर्यवंशी ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। स्थानीय लोगों के लिए 20 किमी छूट योजना पहले की तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क रखरखाव और सुविधाओं में सुधार को देखते हुए यह वार्षिक वृद्धि की गई है।