CG News : चैतन्य बघेल से जेल में मिले सचिन पायलट, ईडी पर लगाए गंभीर आरोप
CG News : छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने आज रायपुर सेंट्रल जेल का दौरा किया और शराब घोटाले में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में पायलट ने केंद्र सरकार और केंद्रीय जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग केवल राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने के लिए हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं पर लगातार छापे
पायलट ने जोर देकर कहा कि पिछले 10 वर्षों में किसी भी भाजपा नेता पर ED की कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि कांग्रेस के नेताओं पर लगातार छापे मारे जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि छत्तीसगढ़ में हसदेव और तमनार जंगलों की कटाई के विरोध के चलते कांग्रेस को निशाना बनाया जा रहा है।
चैतन्य बघेल से जेल में मिले सचिन पायलट, ईडी पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली में पप्पू, छत्तीसगढ़ में बिट्टू
इधर, भाजपा ने भी पायलट के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने सचिन पायलट के दौरे को “राजनीतिक ड्रामा” करार दिया और तंज कसते हुए कहा कि “दिल्ली में पप्पू और छत्तीसगढ़ में बिट्टू ही अब कांग्रेस की राजनीति बची है। कांग्रेस अब सिर्फ एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है।”
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और ED के आरोप
गौरतलब है कि 22 जुलाई को ED ने चैतन्य बघेल को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रायपुर सेंट्रल जेल भेजा गया है। इससे पहले ED ने उनसे 5 दिनों तक पूछताछ की थी। ED ने अदालत को बताया था कि पूछताछ के दौरान उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिले, इसलिए उनकी कस्टडी जरूरी थी।
ED के वकील सौरभ पांडेय के अनुसार, चैतन्य बघेल के खिलाफ शराब घोटाले में संलिप्तता के पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तारी पूरी तरह कानून के दायरे में है और इसे राजनीतिक कार्रवाई बताना पूरी तरह अनुचित है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में उबाल
इस पूरे घटनाक्रम ने छत्तीसगढ़ की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। एक तरफ कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, वहीं भाजपा इसे कानून और जांच एजेंसियों की निष्पक्ष कार्रवाई मान रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में ED की जांच क्या निष्कर्ष लाती है और यह मामला किस दिशा में बढ़ता है।
यह भी पढ़े : CG News : CM आईटी फेलोशिप में युवाओं को मिलेगा नवाचार और नेतृत्व का मंच