CG News : बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान जनता, कांग्रेस ने CSEB मुख्यालय में सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
CG News : प्रदेशभर में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं से लोग बेहाल हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने CSEB मुख्यालय पहुंचकर मोर्चा खोल दिया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक (MD) भीम सिंह कंवर से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपते हुए सीमित समय में समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
जनता त्रस्त, विभाग उदासीन: कांग्रेस का आरोप
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के सप्लायर्स जानबूझकर लो क्वालिटी मटेरियल सप्लाई कर रहे हैं जिससे ट्रांसफॉर्मर बार-बार फेल हो रहे हैं और वोल्टेज की समस्या आम हो गई है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी न तो कॉल उठाते हैं और न ही शिकायतों पर ध्यान देते हैं।
“बिजली पर्याप्त है लेकिन जानबूझकर लो क्वालिटी माल सप्लाई कर सप्लायर्स के साथ मिलकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इससे ट्रांसफॉर्मर फट रहे हैं, D.O. उड़ रहे हैं और आम लोग गर्मी में पसीने से तर-बतर हो रहे हैं।”
– विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक
MD ने दिलाया भरोसा, जल्द होगी व्यवस्था में सुधार
इस पर CSEB के MD भीम सिंह कंवर ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि विभाग शिकायतों को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि हाल में आए आंधी-तूफान के कारण कुछ जगहों पर व्यवस्था बाधित हुई थी, लेकिन अब सुधार जारी है।
“जिन समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है, उनकी जांच के लिए सर्वे कराया जाएगा और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।”
– भीम सिंह कंवर, प्रबंध निदेशक, CSEB
उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतें दर्ज कराने के लिए अब “मोर बिजली” ऐप और व्हाट्सएप सिस्टम की सुविधा दी गई है। साथ ही कॉल सेंटर की सीटें भी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
कांग्रेस का अल्टीमेटम – गर्मी में बिजली व्यवस्था न सुधरी तो होगा आंदोलन
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे और अन्य बिजली उपकरणों की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।