CG News : NSS कैंप में हिंदू छात्रों को जबरन नमाज़ पढ़वाने का आरोप, जांच शुरू
CG News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) कैंप में 155 हिंदू छात्रों को जबरन नमाज पढ़वाई गई। इस मामले ने राज्य में शिक्षा संस्थानों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, कोटा ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र शिवतराई में 26 मार्च से 1 अप्रैल तक एनएसएस कैंप आयोजित हुआ था। इस कैंप में कुल 159 छात्र शामिल थे, जिनमें 4 मुस्लिम छात्र भी थे। छात्रों का आरोप है कि ईद के मौके पर प्रोग्राम ऑफिसर और कोऑर्डिनेटर ने सभी छात्रों को मंच पर बुलाकर नमाज़ पढ़ने का आदेश दिया।
छात्रों का यह भी कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया का विरोध करने पर उन्हें डांट-फटकार के साथ सर्टिफिकेट न देने की धमकी दी गई। छात्रों के मुताबिक, मोबाइल फोन जमा करवा लिए गए थे ताकि कोई फोटो या वीडियो न बन सके।
छात्रों ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
इस मामले की शिकायत कोनी थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत में प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. बसंत कुमार और कोऑर्डिनेटर दिलीप झा समेत अन्य स्टाफ पर जबरन नमाज़ पढ़वाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
यूनिवर्सिटी ने बनाई फैक्ट फाइंडिंग कमेटी
गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मीडिया प्रभारी एमएन त्रिपाठी ने मीडिया से कहा कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन को इस तरह की कोई लिखित शिकायत अब तक नहीं मिली है। हालांकि, मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर इस मामले की जांच के लिए एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित कर दी गई है।
पुलिस कर रही है जांच
कोनी थाना प्रभारी लखेश्वर केंवट ने जानकारी दी कि छात्रों से शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यूनिवर्सिटी प्रबंधन से तथ्य जुटा रही है। जांच के बाद अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
क्या है अगला कदम?
फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस पूरे घटनाक्रम का सच क्या है और जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है।