CG News: दुर्ग के धमधा में किसानों का कलेक्टर कार्यालय घेराव, 40 साल पुराने मुआवजे और स्कूल भवन को लेकर प्रदर्शन
CG News: दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के परसकोल और खैरझीटी गांव के करीब 300 से 400 ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर नारेबाजी की।
40 साल पुराना मुआवजा विवाद
ग्रामीणों का सबसे बड़ा मुद्दा 1983-84 में गोरपा नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा है। 40–45 साल बीत जाने के बाद भी 17 किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिला है, किसानों का कहना है कि बार-बार आवेदन और आश्वासन के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।
दो विकल्पों की मांग
ग्रामीणों ने मांग रखी है कि या तो जमीन का बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा दिया जाए या फिर जमीन वापस की जाए। साथ ही उपयोग की गई जमीन का किराया भी मांगा गया है, मुआवजा और खाता बंटवारे की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण किसान अपनी जमीन का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे पारिवारिक विवाद भी बढ़ रहे हैं।
स्कूल भवन की जर्जर हालत
खैरझीटी गांव का प्राथमिक स्कूल भवन जर्जर हो चुका है। पिछले दो वर्षों से बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में कराई जा रही है, जिससे शिक्षा प्रभावित हो रही है, ग्रामीणों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता।
प्रशासन का आश्वासन
तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मुलाकात कलेक्टर से कराई जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।