CG News: बीजापुर के मुनगा गांव में बदहाल आंगनबाड़ी, पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे
CG News: बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर मुनगा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति बेहद चिंताजनक है, यहां वर्षों से भवन के अभाव में बच्चों की पढ़ाई और पोषण गतिविधियां आम के पेड़ के नीचे संचालित की जा रही हैं.
विकास के दावों पर सवाल
आंगनबाड़ी संचालिका के अनुसार वर्ष 1999 में यहां झोपड़ी के रूप में केंद्र शुरू हुआ था, लेकिन सलवा जुडूम काल के बाद वह भी नष्ट हो गया, पिछले 7-8 वर्षों से यह केंद्र पूरी तरह खुले में संचालित हो रहा है, एक ओर सरकार बस्तर में विकास के दावे कर रही है, वहीं मुनगा गांव की यह तस्वीर जमीनी हकीकत को उजागर करती है, यह स्थिति महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है.
बुनियादी सुविधाओं का अभाव
मुनगा आंगनबाड़ी में न शेड है, न पीने के पानी की व्यवस्था और न ही बच्चों के लिए बैठने की पर्याप्त सुविधा, करीब 40 बच्चों के लिए सिर्फ एक छोटी दरी का इंतजाम है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बारिश, तेज धूप या ठंड, हर मौसम में बच्चों को इसी पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जो उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है, यदि समय रहते प्रशासन और संबंधित विभाग ध्यान दें, तो बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है.