CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस CAF भर्ती 2026: 1816 पदों के लिए चयन प्रक्रिया की तैयारी, पांच भर्ती केंद्र और डिजिटल तकनीक से होगी परीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ में वर्ष 2026-27 के लिए सशस्त्र बलों में 1816 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सहायक प्लाटून कमांडर, पुरुष और महिला नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, नर्सिंग सहायक, कंपाउंडर, ड्रेसर और अन्य पदों के लिए होगी।
हाईटेक चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने सिंगल साल्यूशन प्रोवाइडर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन, डेटा एंट्री, शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) और परिणामों का डिजिटल प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग
उम्मीदवारों के ऊँचाई और छाती के माप डिजिटल रूप से, दौड़ने के समय को RFID तकनीक से मापा जाएगा। शॉट-पुट, लंबी कूद और ऊँची कूद में प्रदर्शन की दूरी और ऊँचाई को डिजिटल तकनीक और सिंक्रनाइज्ड वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक उम्मीदवार का रिपोर्ट कार्ड प्रिंट किया जाएगा।
भर्ती केंद्र और क्षमता
भर्ती के लिए पांच केंद्र बनाए जाएंगे, जहाँ प्रतिदिन कम से कम 1000 उम्मीदवारों का PST और PET होगा। सिस्टम ऐसा होगा कि किसी भी माध्यम से परिणामों में फेरबदल या छेड़छाड़ न हो सके और किसी भी उम्मीदवार को निर्धारित प्रयास से अधिक प्रयास करने की अनुमति नहीं होगी।
लिखित परीक्षा और मूल्यांकन
OMR लिखित परीक्षा के लिए शीट का डिज़ाइन, प्रिंटिंग, स्कैनिंग और मूल्यांकन डिजिटल रूप से होगा। बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में उम्मीदवारों के अंक मास्टर शीट में स्वचालित रूप से अपडेट होंगे।