CG News : छत्तीसगढ़: बस्तर में 95 साल बाद भीषण बारिश और बाढ़, 2000 लोग राहत शिविरों में, 1000 करोड़ का नुकसान
CG News : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में हुई भीषण बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हुई बारिश के बाद बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में भारी तबाही मची है। सड़कें और पुल-पुलिया बह गए हैं, कई गांवों का संपर्क कट चुका है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
2000 लोग राहत शिविरों में
प्रशासन के मुताबिक़, बस्तर संभाग में अब तक करीब 2000 लोगों को बेघर होना पड़ा है। इन्हें अलग-अलग राहत शिविरों में भेजा गया है। यहां भोजन, कपड़े, सूखा राशन, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था की जा रही है।
95 साल बाद ऐसी त्रासदी
अधिकारियों का कहना है कि बस्तर में ऐसी भीषण बारिश और बाढ़ करीब 95 साल बाद देखने को मिली है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में अब तक 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। अकेले दंतेवाड़ा जिले में ही 300 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति हुई है।
तबाही का मंजर
बारिश और बाढ़ के कारण रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। कई घर टूट गए, जिससे लोग बेघर हो गए। 495 घरों, 16 पुल और पुलियों को नुकसान पहुंचा है। अब तक 8 लोगों की मौत और 96 मवेशियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। ओडिशा से लगते जिलों का सड़क संपर्क भी टूट गया है।
सीएम विष्णु देव साय की अपील
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विदेश दौरे से ही अधिकारियों से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों को यह महसूस होना चाहिए कि प्रशासन मजबूती से उनके साथ खड़ा है। राज्य के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भी पुष्टि की कि प्रभावितों को हर संभव मदद दी जा रही है।
नदियां और नाले उफान पर
पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर की नदियां और नाले उफान पर हैं। कई जगह जनजीवन ठप हो गया है। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं और शिविरों में मदद भेजी जा रही है।