CG News : 3.35 करोड़ लूट केस: यूपी में पुलिस का शॉर्ट एनकाउंटर, दो बदमाशों के पैर में गोली, पांच आरोपी गिरफ्तार
CG News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ रुपए की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। फरार आरोपियों को पकड़ने के दौरान उत्तरप्रदेश में पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय लाम्बा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी को बिलासपुर से पहले ही पकड़ लिया गया था।
बताया जा रहा है कि यूपी पुलिस आरोपियों का पीछा कर रही थी, इसी दौरान मिर्जापुर क्षेत्र में संदिग्ध वाहन को घेरने की कोशिश की गई। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और कथित तौर पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। भागते समय विजय लाम्बा और उसके एक साथी के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए और बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सराफा कारोबारी से हुई थी वारदात
मंगलवार रात सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से लूट की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई थी और आईजी रामगोपाल गर्ग खुद मौके पर पहुंचकर जांच की मॉनिटरिंग कर रहे थे।जांच के दौरान पुलिस ने शहर के आउटर इलाके ग्राम उरतुम के पास कारोबारी की लूटी गई कार बरामद की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया गया।

चोरी की बाइक और कार का इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में उपयोग की गई बाइक और कार दोनों चोरी की थीं। बाइक अंबिकापुर से 13 फरवरी को चोरी की गई थी, जबकि सफेद इको वैन को अकलतरा थाना क्षेत्र से वारदात से एक दिन पहले चुराया गया था।

पहले भी कर चुके थे लूट की कोशिश
जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने पहले सरकंडा में होटल कारोबारी निटी देवांगन से लूट का प्रयास किया था। उस केस में एक आरोपी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर से गिरफ्तार किया गया था। उसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस को इस गैंग तक पहुंचने में सफलता मिली।

यूपी पुलिस की मदद से घेराबंदी
बिलासपुर पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर उत्तरप्रदेश पुलिस और एटीएस से मदद मांगी। मिर्जापुर पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया और घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनी। इसके बाद चारों आरोपी पुलिस के कब्जे में आ गए।

आज होगा खुलासा, रिमांड पर लाए जाएंगे आरोपी
उत्तरप्रदेश पुलिस मिर्जापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगी। इसके बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और बिलासपुर पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें छत्तीसगढ़ लाएगी।फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट का कितना सोना और नकदी बरामद हुई है।