CG News : कोरबा में करैत सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत, सोते वक्त हुआ हमला
CG News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में करैत सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान रीना कुमारी यादव, पिता कम्हन यादव के रूप में हुई है, जो कि 5वीं कक्षा की छात्रा थी। यह घटना हरदीबाजार थाना क्षेत्र के भाटिकुड़ा गांव की है।
दादी के साथ सो रही थी रीना, बिस्तर पर मिला सांप
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात रीना अपनी दादी के साथ बिस्तर पर सो रही थी। अचानक वह जोर-जोर से चिल्लाकर उठी और रोने लगी। परिजनों को लगा कि उसे किसी बरसाती कीड़े ने काट लिया होगा, लेकिन जब कमरे की लाइट जलाई गई, तो बिस्तर पर करैत सांप रेंगता हुआ नजर आया।
दीवार में घुस गया सांप, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लाया गया
परिजन सांप को पकड़ने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह मिट्टी की दीवार में घुस गया। कुछ देर बाद रीना की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे कोरबा जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के लिए जागरूकता अभियान शुरू
घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों के बयान लिए हैं। वहीं, स्नेक कैचर अविनाश यादव ने बताया कि गांवों में अब भी लोग सांप के काटने पर झाड़-फूंक में समय बर्बाद करते हैं, जिससे मरीज की जान खतरे में पड़ जाती है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि सांप के काटने पर तुरंत अस्पताल जाएं और इलाज में देरी ना करें।