CG News: शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरे पखांजूर हॉस्टल हालात
CG News: कांकेर जिले के पखांजूर के पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में छात्राओं ने अधीक्षिका पर उत्पीड़न और गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। बिस्तर, सेनेटरी पैड, सुरक्षा और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पूर्व शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया है।
अधीक्षिका पर लापरवाही और उत्पीड़न के आरोप
कांकेर जिले के पखांजूर के पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका पर गंभीर लापरवाही और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्रावास में बिस्तर, सेनेटरी पैड और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। ठंड में भी बच्चियां बिना बेडशीट के जमीन पर सोने को मजबूर हैं। लाखों रुपये की लागत से बने नए भवन में 64 छात्राओं के लिए न तो गद्दे हैं, न ही पर्याप्त व्यवस्था। शिकायत करने पर ‘पहले पैसा दो’ जैसी बातें सुनने को मिलती हैं।
खराब भोजन और सुरक्षा व्यवस्था शून्य
छात्राओं ने बताया कि उन्हें रोजाना सड़ी-गली सब्जियां दी जाती हैं, कई बार ठीक से उबली भी नहीं होतीं। साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। छात्रावास में CCTV कैमरे तक नहीं हैं और अधीक्षिका सप्ताह में केवल 1–2 दिन ही रहती हैं, जिससे सुरक्षा पूरी तरह जोखिम में है।
पुरानी शिकायतों पर भी नहीं हुई कार्रवाई
छात्राओं ने 28 अगस्त को भी शिकायत दी थी, लेकिन जांच और कार्रवाई नहीं हुई। अब हालात और बिगड़ गए हैं। छात्राओं ने जिला प्रशासन से सुरक्षित वातावरण और सभी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। एसडीएम टिकाराम नेताम ने जांच कर कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया है।