CG News : छत्तीसगढ़ में स्कूली छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर सरकार की बड़ी पहल, रायपुर में उच्च स्तरीय बैठक
रायपुर : छत्तीसगढ़ में स्कूली विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र विकास को लेकर राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने की।
बैठक में इस बात पर विस्तृत चर्चा की गई कि शिक्षा व्यवस्था में मानसिक स्वास्थ्य को एक अनिवार्य और प्रभावी घटक के रूप में कैसे शामिल किया जाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के बीच अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत करने और स्कूल स्तर पर समय पर पहचान, परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ।
तनावमुक्त और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण पर जोर
समिति ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और तनावमुक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार करना समय की जरूरत है। परीक्षा तनाव, मानसिक दबाव, सामाजिक चुनौतियों और भावनात्मक समस्याओं से जूझ रहे छात्रों को प्रारंभिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्कूलों में एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा।
नीति से क्रियान्वयन तक निभाएगी अहम भूमिका
राज्य स्तरीय समिति विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और संबंधित विभागों के बीच सेतु की भूमिका निभाएगी। यह समिति नीति निर्माण से लेकर जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तक महत्वपूर्ण योगदान देगी।
राज्य शासन का मानना है कि मानसिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थी ही एक सशक्त, संवेदनशील और आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव रख सकते हैं।