CG News: छत्तीसगढ़ में सांसद ने गाइडलाइन दरों पर सरकार से तत्काल कार्रवाई मांगी
CG News: छत्तीसगढ़ में भूमि गाइडलाइन दरों में 100-800% वृद्धि को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे जनविरोधी बताते हुए मुख्यमंत्री से निर्णय स्थगित, पुरानी दरें लागू करने और मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ समिति की मांग की, जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ने का आरोप लगाया।
गाइडलाइन दरों में भारी बढ़ोतरी पर बृजमोहन का विरोध
छत्तीसगढ़ में भूमि खरीदी-बिक्री के लिए कलेक्टर गाइडलाइन दरों में 100% से 800% तक की बड़ी वृद्धि ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। रायपुर लोकसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने इसे जनविरोधी और अव्यावहारिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इस निर्णय को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह फैसला बिना जन-परामर्श और सामाजिक-आर्थिक मूल्यांकन के लिया गया है, जिससे किसानों, मध्यम वर्ग और निवेशकों में भारी नाराजगी है।
725% से 888% वृद्धि पर सवाल
सांसद ने उदाहरण देते हुए कहा कि लाभांडी और निमोरा जैसे क्षेत्रों में गाइडलाइन दरों में 725% और 888% बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि इन इलाकों में न तो शहरी सुविधाओं का विस्तार हुआ और न ही बाजार मूल्य इतने अधिक हैं। साथ ही नवा रायपुर के आसपास के ग्रामीण इलाकों को अचानक नगरीय क्षेत्र घोषित करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री से राहत की मांग
बृजमोहन अग्रवाल ने नई गाइडलाइन को स्थगित करने, पुरानी दरें लागू करने और विशेषज्ञ समिति से बाजार मूल्यांकन कराने की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के नाम पर 99% आबादी पर आर्थिक बोझ डालना अनुचित है। वे पंजीयन शुल्क 4% से घटाकर 0.8% करने की भी मांग कर रहे हैं।