CG News: अनूपपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर से टकराई
CG News: अनूपपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर घायल हुए। हादसा देर रात कोतमा क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार का कहर
अनूपपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कोतमा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-43 पर सलीम ढाबा के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार, डीजल से भरे ड्रम ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार चालक दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घायल जिला अस्पताल रेफर
कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, यातायात बहाल कराया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।