CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट, तूफान मुरासु का असर जारी
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु का प्रभाव अब भी देखने को मिल रहा है. इसके चलते गुरुवार को प्रदेश के 8 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

इन 8 जिलों में जारी हुआ यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में मौसम का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. वहीं कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है. मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई. सबसे ज्यादा 80 मिलीमीटर बारिश पखांजूर में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

आंध्र प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे भी यह सिस्टम सक्रिय था. बताया जा रहा है कि यह चक्रवाती तूफान मुरासु का अवशेष है, जिसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटों में कमजोर होने की संभावना है. इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं.
अगले 24 घंटे बाद गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटे बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है. तापमान में इस बदलाव से रात और सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है. खासकर सुबह और देर रात लोगों को मौसम में ठंडक महसूस होने लगेगी, राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. फिलहाल प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के साथ तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं.