CG News: अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन, अंतिम वीडियो में कही थी जल्द लौटने की बात
CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और फेफड़ों से जुड़ी बीमारी के कारण हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक का माहौल है.
निधन से पहले का आखिरी वीडियो आया सामने
विधायक के निधन के बाद उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जो बीमारी के दौरान का बताया जा रहा है. इसमें वे अहिवारा क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए जल्द स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद जाहिर कर रहे हैं. वीडियो में उन्होंने कहा था कि कुछ लोग उनके लिए दुआ के बजाय बद्दुआ मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें अपनी जनता और कार्यकर्ताओं पर भरोसा है. उन्होंने कहा था कि लोगों की दुआओं और ईश्वर की कृपा से वे जल्द क्षेत्र में वापस आएंगे.

रायपुर से पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर रायपुर लाया गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा रवाना किया गया. अंतिम यात्रा रायपुर से भिलाई और दुर्ग होते हुए गांव पहुंचेगी. वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है.
लेक्चरर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में आए
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्म 12 अगस्त 1948 को हुआ था. उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी और बीएड की डिग्री भी हासिल की थी. राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत थे. वर्ष 1998 में लेक्चरर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा. वर्ष 1999 में वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी काम कर चुके थे.
2008 में पहली बार बने अहिवारा से विधायक
कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीता था. वर्ष 2018 में पार्टी ने उन्हें फिर प्रत्याशी बनाया, लेकिन उस चुनाव में कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार ने जीत दर्ज की. इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों के अंतर से हराया. इस चुनाव में उन्हें 96,717 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 71,454 मत प्राप्त हुए थे.
विकास प्राधिकरण से लेकर विधानसभा समितियों तक निभाई जिम्मेदारी
अपने पहले विधायक कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था. इस पद पर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था. उन्होंने विधानसभा में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के कल्याण से जुड़ी समितियों में भी जिम्मेदारी निभाई. वर्ष 2023 में दोबारा विधायक बनने के बाद उन्हें विधानसभा की विभिन्न समितियों में शामिल किया गया और पुस्तकालय समिति के सभापति की जिम्मेदारी भी मिली, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को अक्टूबर 2025 में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था. उन्होंने नवंबर 2025 में इस पद का कार्यभार संभाला था. निधन के समय वे अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक होने के साथ-साथ इस प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे.