CG Weather News: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब से भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर-सुकमा में स्कूलों की छुट्टी
CG Weather News: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है. रायपुर और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि गरियाबंद में देर रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है. दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

12 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका भी जताई गई है, खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. सुकमा में सुरक्षा के मद्देनजर अंदरूनी इलाकों के लोगों को राहत देने के लिए सरकारी भवनों में शिविर बनाए गए हैं. कन्या शाला परिसर में वार्ड-12 के नया पारा सुंदर नगर के करीब 50 लोगों को ठहराया गया है.
![]()
रायपुर प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारी की
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है. ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से बचाव की जानकारी दी जा रही है. राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और बिजली विभाग के साथ SDRF, NDRF और फायर ब्रिगेड को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों और बिजली लाइनों पर निगरानी बढ़ाने को कहा है.
29 अक्टूबर को भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
![]()
रायपुर में बादल, तापमान में गिरावट
रायपुर में आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान बताया गया है. उपलब्ध मौसम आंकड़ों के अनुसार, अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा, प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. लोगों को मौसम संबंधी अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है. रायपुर जिला प्रशासन ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
One thought on “CG Weather News: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब से भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर-सुकमा में स्कूलों की छुट्टी”