CG News: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग का आरोप, दिल्ली तक पहुंची 400 से अधिक शिकायतें
CG News: छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए युवा कांग्रेस चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली और अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं. मतदान प्रक्रिया के दौरान फर्जी वोटिंग करने और ओटीपी मांगने की शिकायतें सामने आई हैं. इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद पार्टी के अंदरूनी गलियारों में हड़कंप मच गया है.
दिल्ली स्थित चुनाव प्राधिकरण तक पहुंचा विवाद
चुनाव में गड़बड़ी की गूंज अब रायपुर से लेकर दिल्ली तक पहुंच गई है. प्रदेश भर से चुनाव प्राधिकरण को करीब 400 लिखित शिकायतें प्राप्त होने का दावा किया जा रहा है. शिकायतकर्ताओं ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नेतृत्व से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक चुनाव परिणामों की घोषणा पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है.
‘With IYC’ ऐप में तकनीकी धांधली का दावा
इस पूरे प्रकरण में प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनय शील ने मुखर होकर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुनाव में प्रयुक्त ‘With IYC’ ऐप में तकनीकी हस्तक्षेप की जांच की मांग की. विनय शील का आरोप है कि ऐप में तकनीकी हेरफेर करके मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है.
खाते में फर्जी वोट जुड़ने का गंभीर आरोप
प्रत्याशी विनय शील ने दावा किया कि उनके ऐप खाते में स्वतः ही सात नए अनपेड वोट जुड़ गए हैं. उनके अनुसार ये वोट सूरजपुर, खैरागढ़ और कोरबा जिलों से जुड़े हैं, जो प्रत्याशी क्रमांक चार के पक्ष में दर्ज हुए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये वोट उन्होंने खुद नहीं डाले हैं, जिससे फर्जी वोटिंग के दावों को बल मिल रहा है.
14 लाख से अधिक वोटों की निष्पक्ष जांच की मांग
युवा कांग्रेस चुनाव के दौरान कुल 14 लाख 56 हजार से अधिक वोट पड़ने की जानकारी सामने आई है. इतनी बड़ी संख्या में हुए मतदान के बीच धांधली के आरोपों ने चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना यह होगा कि राष्ट्रीय नेतृत्व और चुनाव प्राधिकरण इन शिकायतों पर क्या कड़ा कदम उठाता है.