CG News: रायपुर में ढेबर परिवार को इंटरनेशनल कॉल से धमकी, 50 करोड़ की मांग, जांच में जुटी पुलिस
CG News: रायपुर में पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके भाई अनवर ढेबर को इंटरनेशनल कॉल के जरिए धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. धमकी देने वाले ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए परिवार से 50 करोड़ रुपए की मांग की. मामले में कोतवाली पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले अज्ञात आरोपी के खिलाफ धमकी और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है.
पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कॉल करने वाले ने एजाज ढेबर और अनवर ढेबर का नाम लेते हुए धमकी दी. अनवर ढेबर आबकारी समेत कई मामलों में जेल जा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. पुलिस अधिकारियों ने धमकी की घटना की पुष्टि की है, लेकिन मामला संवेदनशील होने के कारण जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.
बिश्नोई गैंग से सीधा कनेक्शन नहीं
पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक ढेबर परिवार को मिली धमकी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने डर पैदा करने के लिए गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है. पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान, धमकी के पीछे की वजह और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है.
सुरक्षा और संभावित नेटवर्क की जांच
जांच के दौरान पुलिस कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है और संभावित ठिकानों तथा संपर्कों की जानकारी भी खंगाली जा रही है. एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी के पीछे कोई दूसरा व्यक्ति या आपराधिक गिरोह तो शामिल नहीं है.
अमन साव कनेक्शन की भी पड़ताल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, झारखंड का गैंगस्टर अमन साव और उसके कथित शूटर समेत कुछ अन्य आरोपी वर्ष 2024-25 के दौरान रायपुर जेल में बंद रहे थे. जांच एजेंसियां इस पहलू को भी संभावित आपराधिक नेटवर्क से जोड़कर देख रही हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी की पहचान होने के बाद ही धमकी के वास्तविक मकसद का पता चल सकेगा.
One thought on “CG News: रायपुर में ढेबर परिवार को इंटरनेशनल कॉल से धमकी, 50 करोड़ की मांग, जांच में जुटी पुलिस”