CG News: छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, 56 नए सिविल जजों को मिली पहली पोस्टिंग
CG News: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पीएससी के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग के साथ 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी विभिन्न आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. नए पदस्थापित अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
56 नए सिविल जजों को मिली पहली पोस्टिंग
राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त 56 नए सिविल जज, जूनियर डिवीजन को पहली पदस्थापना दी गई है. सभी नव नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करना होगा. इसके अलावा हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 जजों का भी तबादला किया गया है. इस फेरबदल के तहत न्यायिक व्यवस्था में अलग-अलग पदों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
कई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बदले
दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर बनाया गया है. ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश राजनांदगांव पदस्थ किया गया है. न सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, FTC दंतेवाड़ा की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, POCSO की जिम्मेदारी दी गई है.
सिविल जजों की भी नई पदस्थापना
सिविल जज सीनियर डिवीजन में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, CJM एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन मुंगेली नियुक्त किया गया है. भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है. इसके अलावा दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाई कोर्ट में OSD बनाया गया है. सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के भी 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं.
29 अगस्त तक संभालना होगा कार्यभार
हाई कोर्ट की ओर से जारी आदेशों के बाद नए सिविल जजों और स्थानांतरित न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर नई जिम्मेदारी संभालनी होगी. 56 नए सिविल जजों के लिए 29 अगस्त की समय सीमा तय की गई है. इस फेरबदल के जरिए अलग-अलग न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है, जबकि वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की दबिश, रायपुर में करीबी कारोबारी के ठिकाने पर भी कार्रवाई