CG News: राज्यसभा चुनाव 2026: भूपेश बघेल बने झारखंड के पर्यवेक्षक, कांग्रेस ने बढ़ाई चुनावी सक्रियता
CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, उनके साथ अजय शर्मा को भी पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को कांग्रेस की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
कांग्रेस ने प्रणव झा को बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किया है। प्रणव झा वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे हैं, पार्टी नेतृत्व अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में भूपेश बघेल की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
JMM के रुख से बदला राजनीतिक समीकरण
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण अचानक बदलते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सहयोगी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के रुख ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है, बताया जा रहा है कि कांग्रेस और JMM के बीच सीटों को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन उम्मीदवार की घोषणा पहले होने के कारण गठबंधन के भीतर नए समीकरण बनने लगे हैं।
क्रॉस वोटिंग की आशंका बढ़ी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि गठबंधन के भीतर सहमति नहीं बनती है, तो क्रॉस वोटिंग की संभावना बढ़ सकती है। यही वजह है कि कांग्रेस नेतृत्व चुनावी प्रबंधन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है, भूपेश बघेल को पर्यवेक्षक बनाकर पार्टी विधायकों के समन्वय और चुनावी रणनीति को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
हेमंत सोरेन के फैसले पर टिकी निगाहें
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और JMM नेतृत्व के अंतिम निर्णय पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में गठबंधन की रणनीति और उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।
18 जून को होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
• अधिसूचना जारी: 1 जून
• नामांकन की अंतिम तिथि: 8 जून
• नामांकन पत्रों की जांच: 9 जून
• नाम वापसी की अंतिम तिथि: 11 जून
• मतदान: 18 जून (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
• मतगणना: 18 जून शाम 5 बजे से
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाला यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।