CG News: रायपुर AIIMS में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
CG News: छत्तीसगढ़ में रायपुर AIIMS में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहंदी निवासी ओमकार वर्मा ने आरोपी कमलनारायण साहू के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उनसे मोटी रकम वसूल ली।
कई लोगों से वसूले गए लाखों रुपए
पीड़ितों के मुताबिक आरोपी ने AIIMS में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का झांसा देकर अलग-अलग लोगों से कुल 10 लाख 60 हजार रुपए लिए। ठगी का शिकार हुए लोगों में ओमकार वर्मा के भाई हरिनारायण वर्मा, महेश साहू की बेटी शीतल साहू और कीर्तन वर्मा के भाई प्रताप वर्मा शामिल हैं। यह रकम अक्टूबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच किस्तों में आरोपी को दी गई थी।
नौकरी नहीं लगी तो खुला राज
लाखों रुपए लेने के बाद भी जब किसी की नौकरी नहीं लगी और आरोपी लगातार बहाने बनाने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद सभी ने मिलकर घुमका थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कमलनारायण साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घुमका थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने और कितने लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगा है।
एक और आरोपी पकड़ा गया
इसी तरह के एक अन्य मामले में रायपुर AIIMS में नौकरी लगवाने का झांसा देकर भिलाई के युवक से 14 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई थी। इस मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद उसे पकड़कर कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।