CG News: विधानसभा में उठा बस्तर के आंगनबाड़ी केंद्रों का मुद्दा, मंत्री ने सुधार का दिया आश्वासन
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में बस्तर संभाग के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति का मुद्दा उठाया गया, प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक लखेसवार बघेल ने कई केंद्रों के भवन विहीन और जर्जर हालत में संचालित होने पर चिंता जताई, इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने व्यवस्था में जल्द सुधार का आश्वासन दिया.
प्रश्नकाल में उठा मामला
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक लखेसवार बघेल ने सरकार से पूछा कि बस्तर संभाग के जिलों में कुल कितने आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं, उन्होंने यह भी सवाल किया कि इनमें से कितने केंद्रों के पास खुद का भवन है, कितने भवन विहीन हैं और कितने जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं, साथ ही पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी मांगी.
मंत्री ने दी विस्तृत जानकारी
जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बस्तर संभाग में कुल 9,876 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जबकि फिलहाल कोई भी मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं है, उन्होंने बताया कि इनमें से 7,667 केंद्र भवनयुक्त, 2,209 भवन विहीन और 962 केंद्र जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं.
बुनियादी सुविधाओं की स्थिति
मंत्री ने यह भी बताया कि संभाग के 6,431 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध है, जबकि 5,632 केंद्रों में शौचालय की व्यवस्था है, उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों में अभी भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां जल्द ही आवश्यक सुधार और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी.