CGMSC रीएजेंट घोटाला: ED ने शशांक चोपड़ा को लिया पुलिस रिमांड पर, 19 जनवरी तक पूछताछ
रायपुर: रायपुर स्थित CGMSC (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन) में सामने आए 660 करोड़ रुपये के रीएजेंट घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जेल में बंद मोक्षित कार्पोरेशन के संचालक शशांक चोपड़ा को ईडी ने प्रोटेक्शन वारंट पर कोर्ट में पेश कर 19 जनवरी तक पुलिस रिमांड हासिल की है।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित घोटाले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) दोनों एजेंसियां कर रही हैं। ईडी ने अपने प्रकरण में शशांक चोपड़ा को पहली बार गिरफ्तार किया है, जबकि वह पहले से ही ईओडब्ल्यू के केस में न्यायिक हिरासत में है।
जांच एजेंसियों के अनुसार शशांक चोपड़ा को CGMSC रीएजेंट घोटाले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि उसकी कंपनी के जरिए सरकारी खरीद प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं की गईं और करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
इससे पहले ईडी ने जुलाई माह में पीएमएलए (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर मोक्षित कार्पोरेशन से जुड़े करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। वहीं अगस्त में ईडी ने शशांक चोपड़ा और उसके परिजनों की 40 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियां अटैच की थीं।
अब ईडी को मिली नई पुलिस रिमांड के बाद घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों और वित्तीय लेन-देन की परतें खुलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज हो सकती है।