बीजापुर में नक्सली आतंक: खेत में काम कर रहे पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
बीजापुर: बस्तर अंचल में जहां एक ओर नक्सलियों के आत्मसमर्पण से हालात सुधरने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर नक्सली हिंसा की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने दिनदहाड़े एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली अचानक गांव के पास खेतों में पहुंचे, जहां ग्रामीण कृषि कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने पूर्व सरपंच भीमा मड़कम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से भीमा मड़कम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है, वहीं आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पहले भी बन चुके थे नक्सलियों के निशाने पर
बताया जा रहा है कि भीमा मड़कम हाल ही में दंतेवाड़ा के बचेली से अपने गांव लौटे थे। इससे पहले भी नक्सलियों ने उन पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन उस वक्त वे बच निकलने में सफल रहे थे। इस बार नक्सलियों ने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे नक्सली साजिश की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। बस्तर में शांति बहाली की कोशिशों के बीच इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।