जांजगीर-चांपा में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’: बैरिकेड तोड़ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी
जांजगीर-चांपा में मनरेगा के नाम और नियमों में बदलाव के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत प्रदर्शन किया। रैली का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने किया।
बैरिकेड हटाने के दौरान झड़प
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रशासन द्वारा लगाए गए टीन के बैरिकेड हटाने की कोशिश में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हुई। हालांकि बाद में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि मनरेगा योजना मजदूरों को रोजगार सुरक्षा देने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसके नाम और प्रावधानों में बदलाव कर श्रमिक हितों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी।
‘जनता को भ्रमित करने’ का आरोप
विजय जांगिड़ ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योजना के नाम और नियमों में बदलाव कर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक योजना को पूर्व स्वरूप में लागू नहीं किया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन का पक्ष
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासन ने टीन का घेरा लगाया था। उनके अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया।