CG News: कोरबा में टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार और लपटें दिखाई देने लगीं।
कैसे लगी आग?
यह घटना सुतर्रा कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो टायरों तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
दमकल टीम ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन टायरों में लगी आग के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी रही।
बड़ा हादसा टल गया
आग इतनी तेज थी कि पास खड़ा एक ट्रेलर भी चपेट में आ सकता था, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ से ट्रेलर को समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लाखों का नुकसान
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था, आग की वजह से मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ट्रांसफार्मर पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर पहले से ही खराब स्थिति में था और अधिक लोड के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदलने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।