CG News: छत्तीसगढ़ में आपसी रंजिश का खतरनाक अंजाम, बनाहिल गांव में डेटोनेटर ब्लास्ट से मची सनसनी
CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बनाहिल गांव में शनिवार रात एक खतरनाक घटना हुई। आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते किराए के मकान और दुकान में जलता हुआ डेटोनेटर फेंक दिया। इससे दुकान संचालक भूपेंद्र साहू बाल-बाल बच गए, लेकिन विस्फोट से दुकान का सामान चकनाचूर हो गया।
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
भूपेंद्र साहू, जो वेदान्त सर्विस नामक CSC सेंटर चलाते हैं, दुकान के पीछे बने कमरे में सो रहे थे। शटर की आवाज सुनकर जब वे पहुंचे, तो वहां धुआं और जलती हुई रस्सी जैसी चीज देखी। साहू ने जलते डेटोनेटर को तुरंत बाहर फेंका, जिससे विस्फोट खुली जगह में हुआ और परिवार सुरक्षित रहा। हालांकि, भूपेंद्र के बाएं पैर में हल्की चोट आई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मुलमुला थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी पारस पटेल के अनुसार, दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि डेटोनेटर उन्हें कहाँ से मिला।
विवाद की पृष्ठभूमि
भूपेंद्र साहू ने बताया कि यह घटना पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण हुई। पकरिया निवासी रमन केवंट अपनी पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था। भूपेंद्र ने समझाइश देने की कोशिश की, जिससे रंजिश में आकर रमन ने डेटोनेटर दुकान में फेंक दिया।
परिवार बाल-बाल बचे
घटना के समय भूपेंद्र के दो भांजे, दीदी, मां, पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे। अगर डेटोनेटर कमरे के अंदर फटता, तो सभी की जान खतरे में होती। विशेषज्ञों के अनुसार, बंद कमरे में विस्फोट की तीव्रता बहुत अधिक होती है, मुलमुला थाना प्रभारी ने कहा कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। विस्फोटक सामग्री के स्रोत का खुलासा सोमवार को किया जाएगा।