CG News: नेपाल बाढ़-भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ सरकार की बढ़ी चिंता, लापता नागरिकों की तलाश तेज
CG News: नेपाल में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. इस बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल पहुंचे प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन अलग-अलग जिलों से नेपाल गए लोगों की जानकारी जुटा रहा है और उनके परिवारों के संपर्क में बना हुआ है.

9 नागरिकों को लेकर सामने आई जानकारी
प्रशासन को अब तक छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों के संबंध में जानकारी मिली है. इनमें बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी भी शामिल हैं, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं. उनके परिवार से संपर्क हो चुका है और प्रशासन उपलब्ध जानकारी की पुष्टि के साथ आगे की कार्रवाई कर रहा है.
रायपुर के 5 लोग सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र से जुड़े दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है. बताया गया है कि ये सभी 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं. इन लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है.
दो महिलाओं की तलाश को लेकर चिंता
बिलासपुर की 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है. प्रशासन उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर रहा है. इसके अलावा सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है. उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है.
नेपाल प्रशासन से लगातार संपर्क
छत्तीसगढ़ सरकार लापता नागरिकों की जानकारी जुटाने के लिए नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई मार्ग प्रभावित हैं और कई स्थानों पर आवागमन मुश्किल बना हुआ है. ऐसे में प्रशासन का फोकस नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सही लोकेशन पता करने और जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षित वापसी में मदद करने पर है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में शक्कर की महंगाई पर सियासत तेज, दीपक बैज ने सरकार के खिलाफ ‘चीनी सत्याग्रह’ का किया ऐलान